कुशीनगर को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कुशीनगर को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
एडिटर इन चिप अखिलेश कुमार द्विवेदी 9tv भारत समाचार यूपी बिहार मीडिया
कुशीनगर। शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार मंगलवार को ‘हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन’ कुशीनगर द्वारा कौशल विकास प्रशिक्षण संस्थान, रविन्द्रनगर में एक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने की।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और आयुष्मान गोल्डन कार्ड—की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ उठाने की प्रक्रिया और पात्रता के बारे में ग्रामीणों व उपस्थित महिलाओं को अवगत कराया गया।
जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती प्रीति सिंह ने चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), वन स्टॉप सेंटर (181), महिला हेल्पलाइन (1090), 112, 108 तथा 102 सहित विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर प्रकाश डाला।
इसी क्रम में श्रीमती चंदना कुशवाहा द्वारा बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों पर चर्चा की गई और महिलाओं को जागरूक रहने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के दौरान असिस्टेंट अकाउंटेंट अमन मिश्रा द्वारा विभागीय योजनाओं से संबंधित पम्फलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह द्वारा उपस्थित सभी लोगों को ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर संस्था से प्रभाकर मिश्रा, सितारा बानो, पवन कुमार, तमन्ना परवीन सहित प्रशिक्षण ले रहीं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।



