यूपी-बिहार सीमा पर पुलिस की सख्ती: एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने देर रात किया चेक प्वाइंट्स का औचक निरीक्षण

यूपी-बिहार सीमा पर पुलिस की सख्ती: एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने देर रात किया चेक प्वाइंट्स का औचक निरीक्षण
एडिटर इन चिप अखिलेश कुमार द्विवेदी 9tv भारत समाचार यूपी बिहार मीडिया
सलेमगढ़/तमकुहीराज: बिहार से उत्तर प्रदेश में होने वाले अवैध लाल बालू के परिवहन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शनिवार देर रात एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने यूपी
-बिहार सीमा स्थित एनएच-28 पर बहादुरपुर पुलिस चौकी और तड़वा चेक प्वाइंट का औचक निरीक्षण कर चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया।
सघन चेकिंग और दस्तावेजों की जांच के कड़े निर्देश
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने वहां तैनात पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बनाए गए एंट्री रजिस्टर, वाहनों के कागजात और परमिट की गहनता से जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमा में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन के वैध प्रपत्रों की जांच के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाए।
खनन माफिया के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति
ओवरलोड और अवैध बालू लदे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए एएसपी ने कहा कि अवैध खनन व तस्करी में लिप्त माफियाओं के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे। ऐसे वाहनों को जब्त कर तत्काल खनन विभाग को सौंपने की हिदायत दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चेकिंग और जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो संबंधित कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सलेमगढ़ हादसे के बाद अलर्ट पर प्रशासन
एएसपी ने बताया कि हाल ही में सलेमगढ़ में सिपाही को कुचलने की दुखद घटना के बाद से अवैध बालू लदे ट्रकों के परिवहन पर पूरी तरह से नकेल कसी जा चुकी है। फिलहाल चेकिंग के दौरान अवैध बालू लदा कोई ट्रक नहीं मिला है और पूरे क्षेत्र में चेकिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाया जा रहा है।




