अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर
चलंतवा पुल के पास हुआ दर्दनाक हादसा, मृतक के पीछे दो बच्चे और गर्भवती पत्नी
संवाददाता फिरोज अंसारी अश्क कुशीनगर
9 टीवी भारत समाचार यूपी बिहार मीडिया
पनियहवा हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पनियहवा-नेबुआ हाईवे पर गुरुवार देर शाम करीब सात बजे चलंतवा पुल के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक सुनील चौहान पुत्र राजप्रसिद्ध चौहान (30) की उपचा
र के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी सलमान पुत्र अकबर (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सलमान को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा दरगौली के बेलवानिया टोला निवासी सुनील चौहान और सलमान गुरुवार शाम पैशन प्रो बाइक से बेलवानिया से पनियहवा की ओर किसी कार्य से जा रहे थे। बताया जाता है कि दोनों चलंतवा पुल पार कर आगे बढ़े ही थे कि इसी दौरान परिहार की ओर से पनियहवा की तरफ आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही हनुमानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुरकहां पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुनील चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं सलमान की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सुनील चौहान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक के दो छोटे बच्चे हैं और उसकी पत्नी गर्भवती है। हादसे की खबर के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
इस संबंध में हनुमानगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक दिग्विजय नारायण राय ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
फिलहाल हादसे में टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस घटनास्थल और उपलब्ध जानकारी के आधार पर वाहन तथा चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।




