रामकोला-कसया मार्ग पर बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी

रामकोला-कसया मार्ग पर बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी
आम जनमानस को आवागमन में असुविधा
ब्यूरो चीफ कुशीनगर
फिरोज अंसारी अश्क 9 टीवी भारत समाचार यूपी बिहार मीडिया
नगर पंचायत रामकोला के अमवा धाम नगर स्थित अमवा मंदिर के पास रामकोला-कसया पिच मार्ग इन दिनों बदहाल हो गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है।
बारिश के दौरान मार्ग की स्थिति और भी खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में साइकिल और मोटरसाइकिल सवारों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। गड्ढों से बचने के लिए कई वाहन चालक सड़क के किनारे से निकलने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार रामकोला-कसया मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। अमवा मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों के अलावा प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और वाहन चालक इस मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण सामान्य यातायात प्रभावित हो रहा है। बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है।
अमवा मंदिर के पास रहने वाले मुन्ना यादव, गुलाब यादव, विजय और शशि समेत अन्य लोगों ने बताया कि बारिश शुरू होते ही सड़क की स्थिति बेहद खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने के बाद वाहन चालकों को यह पता नहीं चल पाता कि गड्ढा कितना गहरा है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी होती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कराकर गड्ढों को भरवाने और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है।




